आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां मुकाबला बुधवार, 17 जून को भारत और नीदरलैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:00 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि लीड्स में मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैच शुरू होने के समय ज़्यादातर बादल छाए रहने और तापमान लगभग 22°C रहने की उम्मीद है। दोपहर में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन भारी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। कुल मिलाकर, मैच के लिए मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है, बस थोड़ी देर के लिए हल्की बारिश से खेल में रुकावट आने का थोड़ा-बहुत जोखिम हो सकता है।
गौरतलब है कि भारत और नीदरलैंड, ये दोनों ही टीमें साल 2026 के महिला टी-20 वर्ल्ड में ग्रुप ए का हिस्सा है। यहां टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल पर एक मैच में एक जीत के साथ दूसरी पॉजिशन पर है। वहीं दूसरी तरफ नीदरलैंड चौथे पायदान पर है। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक एक ही मैच खेला है जिसमें उन्हें हार मिली। बताते चलें कि ग्रुप ए की टेबल पर ऑस्ट्रेलिया सबसे ऊपर है।