टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में पहले मुकाबले मिली में बड़ी हार का दबाव झेल रही भारतीय टीम को अब बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण घर लौट गए हैं।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सुपर 8 चरण के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की हार के बाद टीम का नेट रन रेट गिरकर -3.800 हो चुका है और वह ग्रुप 1 में तीसरे स्थान पर है। अब सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करना बेहद जरूरी हो गया है।
इसी बीच टीम को एक और झटका लगा है। मध्यक्रम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण अचानक घर लौट गए हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, रिंकू मंगलवार (24 फरवरी) को चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित टीम के अभ्यास सत्र में भी शामिल नहीं हुए।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, रिंकू सिंह के पिता खंचंद सिंह की तबीयत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी कारण रिंकू को तत्काल घर लौटना पड़ा। हालांकि उनकी वापसी को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।