Farmers Protest: भारतीय क्रिकेटर और पंजाब रणजी टीम के कप्तान मनदीप सिंह नए कानून के खिलाफ चल रहे विरोध में किसानों का समर्थन करने के लिए आगे आए हैं। नए कृषि कानूनों का किसानों द्वारा काफी विरोध किया जा रहा है। 28 वर्षीय मनदीप सिंह ने उम्मीद की है कि इस मुद्दे को जल्द से जल्द हल कर दिया जाएगा।
मनदीप सिंह और उनके बड़े भाई हरविंदर सिंह ने सिंधु बॉर्डर का दौरा किया और किसानों के साथ अपनी एकजुटता दिखाई है। किसानों की स्थिति को देखकर मनदीप सिंह ने दुख व्यक्त किया है और किसानों की भावना को सलाम किया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत के दौरान मनदीप सिंह ने कहा कि, 'मैं उन सभी वरिष्ठ नागरिकों को अपना समर्थन दिखाने के लिए आया हूं, जो शांति से इस ठंड में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन लोगों को इस स्थिति में देखना दिल को काफी दुख देता है। उन्होंने ट्रैक्टर को घर बनाया हुआ है, लेकिन फिर भी वह शिकायत नहीं कर रहे हैं। वे बहुत खुश और हंसमुख हैं। मैं उनकी भावना को सलाम करता हूं। यह मेरे लिए एक विनम्र अनुभव था।'