MI vs CSK: अंबाती रायुडू (40) और महेंद्र सिंह धोनी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी (नाबाद 28) की बदौलत यहां डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में गुरुवार को खेले गए आईपीएल 2022 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को तीन विकेट से हरा दिया। मुंबई ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 155 रन बनाए थे। मुंबई की ओर से डेनियल सैम्स ने चार विकेट झटके। वहीं, जयदेव उनादकट ने दो विकेट झटके। मुंबई की यह लगातार सातवीं हार है। मुंबई पहली टीम है जो एक आईपीएल सीजन में लगातार सात मैच हारी है।
मुंबई के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की भी शुरुआत खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट गंवा दिया। गायकवाड़ को डेनियल सैम्स ने तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। उनके बाद मिचेल सैंटनर क्रीज पर आए। वहीं, रॉबिन उथप्पा क्रीज पर मौजूद थे।