इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 70वां मुकाबला रविवार, 24 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच ईडन गार्डन्स स्टेडियम, कोलकाता में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि कोलकाता का मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान ह्युमिडिटी 77-90% रहने का अनुमान है, जिससे मौसम कुछ हद तक उमस भरा हो सकता है। दिन के समय बारिश की संभावना 0% है और रात के लिए भी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 30°C रहने की संभावना है। जाहिर है कि मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश की संभावना ना के बराबर है और फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि IPL के मौजूदा सीजन में जब पिछली बार इन दोनों टीमों की टक्कर हुई थी तब कोलकाता नाइट राइडर्स ने 14.2 ओवर में 143 रनों का लक्ष्य हासिल करके दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से मात दी थी। इस मुकाबले में फिन एलन ने 47 गेंदों पर नाबाद 100 रनों की शतकीय पारी खेली थी। ऐसे में इस मैच में भी एलन से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।