इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 58वां मुकाबला गुरुवार, 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच HPCA स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से एक दिन पहले हुई बारिश ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं ऐसे में हर कोई ये जानना चाहता है कि क्या मैच के वक्त बारिश होगी या नहीं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मैच के दिन धर्मशाला में बारिश के साथ-साथ तूफ़ान आने की भी संभावना है। हालांकि, शाम के समय बारिश होने की संभावना काफ़ी कम है और मैच के समय खेल में रुकावट आने का चांस भी बहुत कम है। देश के कई हिस्सों में जहां अभी भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं धर्मशाला में अपने हिल-स्टेशन वाले मौसम की वजह से काफ़ी ठंडक रहने की उम्मीद है।
मैच के दौरान तापमान 17°C के आस-पास रहने की संभावना है, जिससे आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ एक सुहावनी शाम का माहौल बनेगा। हालांकि, बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन मौजूदा पूर्वानुमानों के मुताबिक, मौसम का मैच पर कोई खास असर नहीं पड़ना चाहिए।गौरतलब है कि IPL के मौजूदा सीजन में जब पिछली बार इन दोनों टीमों की टक्कर हुई थी तब पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवर में 196 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से धूल चटाई थी। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के लिए प्रभसिमरन सिंह (39 गेंदों पर नाबाद 89 रन) और कैप्टन श्रेयस अय्यर (35 गेंदों पर 66 रन) ने अर्धशतक ठोके थे।