Devajit Saikia: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अगले साल से आईपीएल के समय को लगभग दो हफ़्ते पहले करने पर विचार कर रहा है। इसके तहत टूर्नामेंट को मार्च के आखिर से मई के आखिर तक करने की 10 मार्च से 15 मई के बीच आयोजित करने का प्लान है। बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि इस कदम का मकसद टूर्नामेंट के आखिरी दौर में खेलने और मैच देखने की स्थितियों को बेहतर बनाना है।
सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “ इस साल आईपीएल 28 मार्च को शुरू हुआ औऱ 31 मई को खत्म हुआ। टूर्नामेंट के आखिरी दिनों में यानी 15 मई के बाद, बारिश होने या प्री-मानसून सीज़न शुरू होने की आशंका होती है। दूसरी ओर, गर्मी का मौसम है जो न तो खिलाड़ियों के लिए और न ही दर्शकों के लिए अनुकूल है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने जनरल मैनेजर (गेम डेवलपमेंट) एब्बी कुरुविला से बदले हुए समय के लिए शेड्यूल के विकल्पों पर काम करने को कहा है। बीसीसीआई को उम्मीद है कि इसे 2027 सीज़न से लागू किया जा सकेगा, जो टूर्नामेंट का 20वां एडिशन होगा।