कोलकाता, 19 दिसम्बर | आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिस पर गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2020 की नीलामी में जमकर पैसा बरसा। कमिंस के लिए दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की बीच कड़ी टक्कर चली, जिसमें बाद में कोलकाता नाइट राइडर्स भी शामिल हो गई और 15.50 करोड़ रुपये में उन्हे अपने साथ ले गई। इसी के साथ कमिंस आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे विदेशी और इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उन्होंने बेन स्टोक्स को पीछे किया। स्टोक्स को 2017 में 14.50 करोड़ रुपये में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने लिया था। कमिंस दो करोड़ की बेस प्राइस के साथ आए थे।
कमिंस के पास युवराज को सिंह को पीछे छोड़ आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने का मौका आया था लेकिन वह चूक गए। युवराज को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था।
आस्ट्रेलिया के ग्लैन मैक्सवेल के जेब भी गरम हुई। किंग्स इलेवन पंजाब ने हरफनमौला खिलाड़ी के लिए खूब जद्दोजहद की। इसमें दिल्ली भी शामिल थी। अंतत: मैक्सवेल को उनकी पुरानी टीम पंजाब ने 10.75 करोड़ रुपये में अपने नाम किया। मैक्सवेल दो करोड़ की बेस प्राइस के साथ आए।



