IND vs NZ 2nd ODI: न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) ने भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह भारत के खिलाफ एक कैलेंडर वर्ष में न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कीवी ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स (Chris Cairns) का 27 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मिचेल को इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए दूसरे वनडे में सिर्फ 24 रन की जरूरत थी। उन्होंने इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों में 55 रन बनाए और इस उपलब्धि को हासिल कर लिया। साल 2026 में भारत के खिलाफ अब तक खेले गए पांच वनडे मुकाबलों में मिचेल के नाम 435 रन हो चुके हैं।
भारत के खिलाफ एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की लिस्ट में अब डेरिल मिचेल पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। क्रिस केर्न्स 403 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने एक कैलेंडर वर्ष में भारत के खिलाफ 361 रन बनाए थे, जबकि रॉस टेलर के नाम 343 रन दर्ज हैं।