भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के चुनाव अधिकारी एके जोती ने आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के लिए चुनाव की सूचना दी है। बीसीसीआई संविधान के नियम 28 के तहत जीसी के सदस्यों के दो पदों के लिए चुनाव का नोटिस जारी किया है। 18 सितंबर को होने वाली बीसीसीआई की सालाना आम बैठक में चुनाव होंगे।
बीसीसीआई संविधान के नियम 28 के मुताबिक आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में आम सभा से चार सदस्य होंगे। इनमें दो का चुनाव एजीएम में होगा। अभी चुने गए सदस्य हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल और मिजोरम के सदस्य खैरुल जमाल मजूमदार हैं। इन दोनों का फिर से निर्विरोध चुना जाना तय है। दोनों को 9 या 10 सितंबर को नॉमिनेशन फाइल करना है। उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट 12 सितंबर को जारी होगी।
आईपीएल को संचालित करने वाली इस मुख्य काउंसिल में कुल 7 सदस्य होते हैं। इनमें बीसीसीआई आम सभा से 4 प्रतिनिधि होते हैं, जिनमें वर्तमान में चुने जाने वाले 2 सदस्य (धूमल और मजूमदार) शामिल हैं। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट इसके पदेन सदस्य हैं। बची हुई 3 सीटों पर बीसीसीआई के सीईओ, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि और भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक द्वारा नामित एक सदस्य बैठते हैं।