आयरलैंड की महिला ऑलराउंडर खिलाड़ी अर्लीन केली ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। वॉर्सेस्टर में इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ आयरलैंड के मैच के बाद उन्होंने अपने साढ़े चार साल के इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहा।
न्यूजीलैंड में जन्मी 32 वर्षीय केली, आयरिश पासपोर्ट मिलने के बाद 2022 में आयरलैंड चली गई थीं। शुरुआत में वह घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए वहां गई थीं, लेकिन उनके शानदार प्रदर्शन ने जल्द ही सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। केली का घरेलू क्रिकेट के पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 60 रन बनाने के साथ-साथ 35 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
इसके कुछ ही हफ्तों बाद, 3 जून 2022 को उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आयरलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया। इस मैच में उन्होंने 25 रन देकर 2 विकेट झटके। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की मदद से आयरलैंड ने उस समय की वर्ल्ड कप उपविजेता साउथ अफ्रीका को 10 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया।