अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 मुकाबले में हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर आलोचक तो वहीं, क्रिकेट एक्सपर्ट्स सरेआम इस टीम पर सवाल उठा रहे हैं। आलोचनाओं के इस दौर में इरफान पठान ने इस टीम को एक सलाह दी है। पठान का मानना है कि इंग्लैंड को मौजूदा वर्ल्ड कप के अपने अगले मैच के लिए बेन स्टोक्स को अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल करना ही होगा, भले ही वो पूरी तरह से फिट हों या ना हों।
जोस बटलर एंड कंपनी को रविवार, 15 अक्टूबर को दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ 69 रनों से हार का सामना करना पड़ा। उनका अगला मुकाबला शनिवार, 21 अक्टूबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका से होगा और जिस तरह से अफ्रीकी टीम इस तरह से खेल रही है उन्हें हराना इंग्लैंड के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं होगा।
स्टार स्पोर्ट्स पर एक चर्चा के दौरान इंग्लैंड की हार पर विचार करते हुए, पठान ने गत चैंपियन से अपने अगले मैच में स्टोक्स को खिलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "बेन स्टोक्स को लाओ, भले ही वो 99% फिट हों। आपको उनकी जरूरत है। आप उन्हें उनके अनुभव के लिए लाए हैं। अगर वो अगला मैच हार गए तो उन्हें वापस आने का मौका नहीं मिलेगा। ऐसा हर बार नहीं होगा।"