भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। पावरप्ले में ही मैच का रुख पलट देने वाली इस पारी ने नामीबिया के गेंदबाज़ों की जमकर क्लास लगाई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में गुरुवार (12 फरवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत का सामना नामीबिया से है। पहले बल्लेबाजी कर रही भारत की तरफ से ईशान किशन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। किशन ने महज़ 24 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 6 चौके और 5 लंबे छक्के निकले।
ईशान किशन ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर इतिहास रच दिया। इस दौरान वह टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी जड़ने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ बन गए। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए टूर्नामेंट इतिहास की चौथी सबसे तेज अर्धशतक भी अपने नाम कर ली।