दिलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy 2026) के फाइनल में ईस्ट जोन (East Zone) ने साउथ जोन (South Zone) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुरुवार (10 सितंबर) के पांचव दिन ईस्ट जोन ने पहली पारी की बड़ी बढ़त के दम पर ट्रॉफी पर कब्जा किया। खिताब जीतने के बाद टीम के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया। इस दौरान टीम के कप्तान ईशान किशन (Ishan Kishan) और 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का एक खास अंदाज भी देखने को मिला।
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन इस पूरे अभियान में टीम के सबसे बड़े सितारों में से एक रहे। उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी बड़ी भूमिका निभाई। ऐसे में ट्रॉफी जीतने के बाद ईशान का खुशी में झूमना भी देखने लायक था।
इसी सेलिब्रेशन के दौरान ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी भी स्टंप उठाकर एक साथ डांस करते नजर आए। दोनों खिलाड़ियों ने मैदान पर टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ जमकर मस्ती की और जीत की खुशी में ठुमके लगाए। उनका यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।