न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने शानदार शुरुआत की। तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या ने पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। विकेटकीपर कौशानी नुथ्यांगना ने भी बेहतरीन कैच पकड़कर टीम की इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग स्टेज का सातवां मुकाबला मंगलवार (16 जून) को न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच साउथेम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनकी टीम की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही।
श्रीलंका की तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या ने पारी के पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दे दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर मिताली अयोध्या ने ऑफ स्टंप के बाहर अच्छी लेंथ पर गेंद डाली, जो हल्का सा बाहर की ओर मूव हुई। इज़ी गेज़ ने बिना खास फुटवर्क के बल्ला चलाया, लेकिन गेंद उनके बल्ले का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर की ओर चली गई। गेंद जमीन के काफी करीब थी, लेकिन कौशानी नुथ्यांगना ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए अपनी दाईं ओर डाइव लगाकर बेहतरीन कैच लपक लिया।