इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खेले गए तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को हार का सामना करना पड़ा।हालांकि, इस हार के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन ने अपने प्रदर्शन से मेला लूटने का काम किया। आखिरी विकेट के रूप में आउट होने से पहले उन्होंने 43 रनों की पारी खेली और इस दौरान एमएस धोनी का एक रिकॉर्ड भी तोड़ा।
इस मैच में CSK की पूरी टीम सिर्फ़ 127 रन पर ऑल आउट हो गई थी और अगर ओवर्टन की पारी ना होती तो शायद CSK की पारी 100 का आंकड़ा भी ना पार कर पाती। टॉप चार बल्लेबाज़ों में से कोई भी दोहरे अंकों तक नहीं पहुंच पाया और सिर्फ़ एक खिलाड़ी 20 से ज़्यादा रन बना पाया। नंबर 8 पर बल्लेबाज़ी करने आए ओवर्टन ने पारी को संभाला और 43 रनों की पारी के दौरान धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा।
ओवरटन की 43 रन की पारी अब CSK के किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा नंबर 8 की पोज़िशन पर बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। पिछला रिकॉर्ड धोनी के नाम था, जिन्होंने IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ़ नाबाद 37 रन बनाए थे। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर सैम करन का नंबर आता है जिन्होंने 2021 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 34 रन बनाए थे।