इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने सोमवार (6 अप्रैल) को मार्च महीने के लिए ICC प्लेयर ऑफ़ द मंथ अवॉर्ड के नॉमिनीज़ का ऐलान कर दिया। भारतीय फैंस के लिए खुशखबरी ये है कि इस दौड़ में भारत के स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं जबकि इन दोनों की टक्कर साउथ अफ्रीका के कॉनर एस्टरहुइज़न से है।
इसके साथ ही ICC ने महिला क्रिकेट के लिए भी नॉमिनीज़ के नाम बताए हैं। महिलाओं में न्यूज़ीलैंड की एमिलिया केर, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और साउथ अफ्रीका की अयाबोंगा खाका को इस सम्मान के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। हालांकि, देखा जाए तो पुरुषों में इस अवॉर्ड के लिए सीधी टक्कर सैमसन और बुमराह के बीच नजर आती है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के पिछले तीन मैचों में सैमसन ज़बरदस्त फ़ॉर्म में थे। उन्होंने वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ एक वर्चुअल क्वार्टरफ़ाइनल में नाबाद 97 रन बनाकर भारत को 196 रनों का लक्ष्य हासिल करने में मदद की, जिससे टीम सेमीफ़ाइनल में पहुंच गई। सेमीफ़ाइनल में भी वो नहीं रुके और उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 89 रन बनाए। इतना ही नहीं, ये विकेटकीपर-बल्लेबाज़ फ़ाइनल में भी शानदार लय में था।