टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत में जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें ड्रेसिंग रूम में विशेष सम्मान मिला। लेकिन मेडल लेने के दौरान बुमराह ने अपनी नहीं, बल्कि शिवम दुबे की तारीफ कर सबका दिल जीत लिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला किसी वर्चुअल क्वार्टरफाइनल से कम नहीं था, जहां दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। भारत अब दूसरे सेमीफाइनल में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम इंग्लैंड से भिड़ेगा।
इस अहम जीत में भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मध्य ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को एक ही ओवर में दो बड़ी अहम विकेट दिलाई। जब वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रॉस्टन चेज (40 रन, 25 गेंद) और शिमरन हेटमायर (27 रन, 12 गेंद) तेजी से रन बना रहे थे, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बुमराह को दोबारा आक्रमण पर लगाया। बुमराह ने पहले हेटमायर को हल्का किनारा लगवाकर पवेलियन भेजा, फिर शानदार धीमी गेंद पर चेज को चकमा देकर आउट कर दिया।