टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ लीग स्टेज मैच से दो दिन पहले टीम इंडिया के खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम इंडिया के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह इस मैच के लिए फिट हो चुके हैं और वो खेलते हुए नजर आ सकते हैं। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर भी फिट होकर टीम इंडिया के साथ जुड़ चुके हैं लेकिन अभिषेक शर्मा को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
मुंबई में USA के खिलाफ खेलने वाले अभिषेक शर्मा पेट से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं और नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले ट्रेनिंग के लिए नहीं आए। हालांकि, इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट को उम्मीद है कि अभिषेक इस मैच के लिए फिट हो जाएंगे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अभिषेक शर्मा के पेट में अभी भी कुछ दिक्कतें हैं, हमें उम्मीद है कि वो मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।"
अगर अभिषेक इस मैच में नहीं खेलते हैं तो शायद संजू सैमसन को एक बार फिर से ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। नेट प्रैक्टिस के दौरान भी संजू काफी बल्लेबाजी करते हुए नजर आए जिससे ये साफ दिख रहा था कि टीम मैनेजमेंट उन्हें बैकअप के रूप में तैयार रखे हुए है। टेन डोएशेट ने आगे बोलते हुए कहा, "देखिए, मुझे लगता है कि इस लेवल पर आपको ईमानदार और ट्रांसपेरेंट रहने की ज़रूरत है। मेरा मतलब है, जिस तरह से कार्ड गिरे हैं, मुझे लगता है कि संजू को वो सारा सपोर्ट मिला जो उसे मिल सकता था।"