जीत की लय बनाए रखना हमारे लिए बहुत जरूरी: प्रेमा रावत (जीत की लय बनाए रखना हमारे लिए बहुत जरूरी: प्रेमा रावत )
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 में शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में जोरदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 55 रन पर समेट दिया और 8.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 57 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीता।
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच स्पिनरों के अनुकूल थी और इसका भारतीय स्पिनरों ने पूरा फायदा उठाया। श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट झटके। चरणी ने 4 ओवर में मात्र 7 रन देकर 3, जबकि प्रेमा ने 4 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा को 2 और शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला। श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच के बाद बीसीसीआई द्वारा साझा वीडियो में प्रेमा रावत ने कहा कि अभ्यास के दौरान बार-बार दबाव वाली स्थिति बनाने से अंतरराष्ट्रीय स्टेज पर सहज होने में काफी मदद मिली।