इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 25 जून से नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के दौरान मैदान पर एक मजेदार घटना देखने को मिली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को टीम के साथ सेलिब्रेट करने के लिए मजेदार अंदाज में टोका।
दरअसल, मैच के दौरान स्पिन गेंदबाज शोएब बशीर ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर एक आसान कैच छोड़ दिया था। इस कैच के छूटने के बाद आर्चर काफी निराश नजर आए। वहीं बशीर भी अपनी गलती से काफी परेशान दिखाई दिए क्योंकि उन्होंने अपनी टीम को एक अहम विकेट से वंचित कर दिया था।
हालांकि, युवा ऑफ स्पिनर ने ज्यादा देर तक टीम को निराश नहीं रहने दिया। कैच छोड़ने के ठीक अगले ओवर में ही बशीर ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज नाथन स्मिथ को आउट कर अपनी गलती की भरपाई कर दी। विकेट मिलते ही इंग्लैंड के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे और सेलिब्रेट करने बशीर के पास पहुंच गए।