The Hundred 2026, MSG-M vs BP-M: द हंड्रेड मेंस 2026 के सातवें मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने बर्मिंघम फीनिक्स को 87 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने जोस बटलर की 90 रन की तूफानी पारी के दम पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में बर्मिंघम फीनिक्स की टीम 100 रन पर ही सिमट गई।
द हंड्रेड मेंस 2026 के सातवें मुकाबले में रविवार (26 जुलाई) को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और बर्मिंघम फीनिक्स की टीमें मैनचेस्टर के ट्रैफर्ड मैदान पर आमने-सामने थीं। बर्मिंघम फीनिक्स ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम सीफर्ट सिर्फ 1 रन, जबकि कप्तान एडन मार्करम 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जोस बटलर ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 90 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।