Jos Buttler Record: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला (ENG vs IND 3rd T20) बीते मंगलवार, 07 जुलाई को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम में खेला गया था जहां इंग्लिश टीम के दिग्गज विकेटकीपर जोस बटलर (Jos Buttler) ने इतिहास रचा और एक 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम किया। उन्होंने विकेट के पीछे पांच शिकार करके ये कारनामा किया है।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि नॉटिंघम टी20 में जोस बटलर ने विकेटकीपिंग करते हुए वैभव सूर्यवंशी, अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह का कैच लपका। यानी उन्होंने एक मैच में 5 डिसमिसल किए। ये किसी भी इंग्लिश विकेटकीपर द्वारा एक T20I में किए गए सबसे ज्यादा डिसमिसल हैं।
गौरतलब है कि जोस ने मैट प्रायर का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में केपटाउन के न्यूलैंड्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बतौर विकेटकीपर 4 डिसमिसल किए थे।