टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मुकाबले में इंग्लैंड ने इटली को 24 रनों से हराकर टूर्नामेंट के सुपर-8 स्टेज के लिए क्वालिफाई कर लिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन बनाए थे जिसके जवाब में इटली की टीम 20 ओवर खेलने के बाद सिर्फ 178 रन ही बना पाई और इंग्लैंड ने ये मैच 24 रनों से जीत लिया।
इस मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के अलावा फील्डर्स ने भी शानदार काम किया और इसकी अगुवाई जोस बटलर ने विकेट के पीछे से की। उन्होंने इटली के कप्तान हैरी मैनेंटी को आउट करने के लिए एक ऐसा कैच पकड़ा जिसे आप एक बार नहीं बल्कि बार-बार देखना चाहेंगे। ये कैच इटली की पारी के चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला।
इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जेमी ओवरटन ने इटली के कप्तान को एक शॉर्ट गेंद डाली जो कि स्टंप लाइन पर थी, तभी हैरी ने इस गेंद पर स्कूप खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद ने बल्ले का पतला अंदरूनी किनारा लिया और वो विकेट के पीछे हवा में चली गई। ऐसा लग रहा था कि गेंद विकेटकीपर बटलर के ऊपर से चली जाएगी लेकिन बटलर ने सुपरमैन स्टाइल में तेज़ी से अपनी बाईं ओर हवा में डाइव लगाते हुए शानदार कैच पकड़ लिया। उनके इस कैच का वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।