लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2026 के बीच में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस इंडियन प्रीमियर लीग में वापस आ गए हैं और खबर है कि 4 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में वो खेलते नजर आएंगे। LSG इस समय MI के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है और उसने आठ मैचों में सिर्फ चार पॉइंट्स हासिल किए हैं।
फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध रहेगा। LSG इस सीजन में अब तक मुश्किल दौर से गुजरी है और अब वो अपनी लय वापस पाने की कोशिश में है। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्ज़के निजी कारणों से सीजन के बीच में ही टीम छोड़कर चले गए हैं।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है, "इस बीच, ब्रीत्ज़के साउथ अफ्रीका लौट गए हैं। उन्होंने 26 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ घरेलू मैच से पहले ही LSG टीम छोड़ दी थी। वो मैच सुपर ओवर तक गया था। समझा जाता है कि ब्रीत्ज़के मुख्य रूप से इसलिए वापस गए क्योंकि हाल ही में उनकी पत्नी के परिवार का कोई करीबी सदस्य गुज़र गया था। इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है कि ब्रीत्ज़के टूर्नामेंट में वापस आएंगे या नहीं।"