आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-1 मुकाबला मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस बड़े मुकाबले में साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने मैदान पर उतरते ही एक बेहद खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।
गुजरात टाइटंस की तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे रबाडा को इस मुकाबले से पहले मौजूदा सीजन में 25 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी। उन्होंने RCB की पारी के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वेंकटेश अय्यर को आउट कर यह उपलब्धि हासिल कर ली। इसी के साथ रबाडा आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग सीजन में 25 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए।
रबाडा ने इससे पहले 2019 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 12 मैचों में 25 विकेट लिए थे। इसके बाद 2020 सीजन में उन्होंने 17 मैचों में 30 विकेट चटकाकर धमाल मचाया था। अब IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 15 मैचों में 25 विकेट पूरे कर लिए हैं और फिलहाल पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।