WI vs SL 2nd T20: कुसल मेंडिस की श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने रविवार, 14 जून को जमैका के सबीना पार्क स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में 194 रन डिफेंड करके वेस्टइंडीज को 37 रनों से धूल चटाई। गौरतलब है कि इस मुकाबले में श्रीलंका की जीत के सबसे बड़े हीरो कामिल मिशारा और दासुन शनाका रहे, जिन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि जमैका में खेले गए दूसरे टी20 में वेस्टइंडीज ने ही टॉस जीता था और श्रीलंका को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था। इसके बाद श्रीलंका के लिए कामिल मिशारा ने टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेली और नंबर-3 पर बैटिंग करके 40 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के ठोककर नाबाद 61 रन बनाए।
मिशारा के अलावा दासुन शनाका ने भी एक तूफानी अर्धशतक ठोका और 24 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्के लगाकर 58 रन बनाए। उन्होंने 241.67 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग की। ध्यान दें कि श्रीलंका के लिए कैप्टन कुसल मेंडिस (19 गेंदों पर 31 रन) और कामिन्दु मेंडिस (20 गेंदों पर 24) ने भी कुछ अहम रन जोड़े और इन्हीं सब के दम पर श्रीलंका ने अपनी पारी के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोर पर 194 रन स्कोरबोर्ड पर टांगे।