मौजूदा चैंपियन काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा को भरोसा है कि उनकी टीम यूपी टी20 लीग 2026 के प्लेऑफ में भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी। लीग स्टेज में पांच जीत और 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहने के बाद काशी रुद्रास को लगातार दूसरा खिताब जीतने की उम्मीद बनाए रखने के लिए एलिमिनेटर में नोएडा सुपर किंग्स को हराना होगा।
प्लेऑफ को लेकर कप्तान करण शर्मा ने कहा, "हम जानते हैं कि अब दांव पर क्या लगा है। पीछे मुड़कर देखने की कोई गुंजाइश नहीं है, क्योंकि यह टूर्नामेंट का बिल्कुल अलग चरण है। हमने एक मुश्किल दौर देखा है, लेकिन टीम ने जिस तरह से प्रतिक्रिया दी और वापसी की है वह इस ग्रुप के जज्बे को दिखाता है। सभी में जोश और जज्बा वापस आ गया है और हमें अगले मैच में अपना सब कुछ झोंक देना है।"
रुद्रास के हेड कोच ध्रुव सिंह का मानना है कि लीग स्टेज के दौरान टीम के सफर ने उन्हें नॉकआउट क्रिकेट के दबाव के लिए अच्छी तरह तैयार किया है। "हमारे लिए सबसे अच्छी बात यह रही है कि ग्रुप ने मुश्किल हालात का सामना कैसे किया। टूर्नामेंट के बीच में हमारे लिए एक मुश्किल दौर आया था, लेकिन खिलाड़ियों ने कभी भी प्रोसेस पर भरोसा नहीं छोड़ा। हमारे आखिरी लीग मैच में मेरठ मेवरिक्स के खिलाफ जीत इस टीम के जज्बे की झलक थी। अब लीग स्टेज पीछे छूट चुका है और हर कोई समझता है कि प्लेऑफ में जीत-हार का अंतर बहुत कम होगा। हमारे पास दोनों विभागों (बल्लेबाजी और गेंदबाजी) में मैच-विनर हैं। हमने प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई है और अब हमारा लक्ष्य अगला मैच जीतना और अपने खिताब को बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाना है।"