यूपी वॉरियर्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 से पहले भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज नीतू डेविड को स्काउटिंग हेड की जिम्मेदारी सौंपी है। नीतू का मानना है कि एक खिलाड़ी के चलने के तरीके से प्लेयर्स कैसे होंगे, इस बात का अंदाजा हो जाता है।
पांच साल तक भारतीय महिला क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर की भूमिका निभाने वालीं नीतू ने वनडे विश्व कप 2025 के लिए विश्व विजेता टीम का चुनाव किया था। नीतू ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए कहा, "मैं यह नहीं कह सकती कि दूसरे क्या करते हैं। हालांकि, मेरे प्रोसेस के हिसाब से मुझे जो देखना पसंद है और जो मुझे लगता है, मेरे हिसाब से वह यह है कि खिलाड़ियों के चलने का स्टाइल बताता है कि खिलाड़ी कैसा होगा। मैं किसी खिलाड़ी को उसके चलने के स्टाइल के आधार पर समझती हूं, चाहे वह बहुत फुर्तीला हो या धीमा या मानसिक रूप से बहुत मजबूत। यह देखकर मुझे शुरुआती समझ हासिल करने में मदद मिलती है, और जब मैं कोई मैच देखने जाती हूं, तो मुझे मैच से पहले जाना पसंद है ताकि मैं देख सकूं कि खिलाड़ी आउटफील्ड में अपना-अपना काम कैसे कर रहे हैं, और मैं उस पर बहुत ध्यान देती हूं।"
पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा, "हां, क्योंकि किसी खिलाड़ी को मैच में देखना और वह गेम खेलने से पहले क्या कर रही हैं, इससे बहुत फर्क पड़ता है। मैं मैच से पहले और बाद में उसकी बॉडी लैंग्वेज भी देखती हूं। यह आपको बहुत कुछ दिखाता है, और यह मेरा पर्सनल नजरिया है।"