भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार (13 जून) को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। भारत की इस जीत में कप्तान शुभमन गिल ने अहम भूमिका निभाते हुए नाबाद अर्द्धशतक लगाया लेकिन अंत में केएल राहुल ने चौके-छक्के लगाकर गिल का काम आसान किया और मैच को जल्दी खत्म कर दिया।
राहुल नंबर पांच की पोज़िशन पर खेलने आए। उस समय भारत का स्कोर 142/3 था और उन्हें 7.3 ओवर में 53 रनों की ज़रूरत थी। दूसरे छोर पर गिल 70 रन पर खेल रहे थे लेकिन यहां से राहुल ने मोर्चा संभाला और 19 गेंदों पर 39 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया। राहुल के बल्ले से इस दौरान 4 चौके और 3 छक्के भी देखने को मिले। इन 3 में से एक छक्का तो ऐसा था जिसे देखकर हेड कोच गौतम गंभीर भी दंग रह गए।
ये छक्का ज़िया उर रहमान शरीफ़ी के 22वें ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला। शरीफ़ी ने राहुल को एक फ़ुल और ऑफ़-स्टंप के बाहर गेंद डाली जिसके लिए राहुल ने पहले से ही पोजिशन बना ली थी। राहुल ने इस गेंद को कवर्स के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। राहुल का ये शॉट देखने के बाद गंभीर ने जिस तरह से अपने बैटिंग कोच सितांशु कोटक की ओर देखा, उससे सब कुछ साफ़ हो गया कि वो इस शॉट से कितने इम्प्रेस थे।
Wait for GG’s reaction to Rahul’s six over covers pic.twitter.com/EkozSlGyQL
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) June 13, 2026