ENG vs IND ODI, KL Rahul Diving Catch: इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम को एक अहम विकेट केएल राहुल की शानदार फील्डिंग की बदौलत मिला। विकेट के पीछे राहुल ने अपनी फुर्ती का शानदार नमूना पेश करते हुए एक हाथ से गजब का कैच लपका। इस कैच ने न सिर्फ विल जैक्स की पारी का अंत किया, बल्कि इंग्लैंड की संभलती हुई साझेदारी भी तोड़ दी।
इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मेजबान टीम पर दबाव बनाए रखा।
हालांकि, एक समय ऐसा लग रहा था कि विल जैक्स और जो रूट की जोड़ी इंग्लैंड की पारी को संभाल लेगी। दोनों बल्लेबाजों के बीच 6वें विकेट के लिए 27 रनों की साझेदारी हो चुकी थी। तभी पारी के 22वें ओवर में शिवम दुबे ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई। दुबे ने ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर विल जैक्स ने गेंद को थर्ड मैन की दिशा में खेलने की कोशिश की। लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर तेजी से विकेटकीपर केएल राहुल की दाईं ओर निकल रही थी।