कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) यॉर्कशायर के साथ अपने पहले काउंटी सीजन के लिए तैयार हैं। वह 24 जुलाई से 2 अगस्त के बीच वन-डे कप में काउंटी टीम के लिए पांच मैच खेलेंगे। फिर सितंबर में सीज़न के अपने आखिरी तीन काउंटी चैंपियनशिप मैचों के लिए लौटेंगे। बीच में वह इंग्लैंड से वापस लौटेंगे क्यों भारतीय टीम को अगस्त में दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए श्रीलंका जाना है और कुलदीप संभवत: इस दौरे का हिस्सा होंगे।
हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर खेले गए दस लिमिटेड ओर मैचों में से किसी में भी कुलदीप को खेलने का मौका नहीं मिला। यह दौरा पिछले रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए आखिरी वनडे मैच के साथ खत्म हुआ।
कुलदीप ने एक बयान में कहा, "मुझे हमेशा से इंग्लैंड के हालात में खेलने की चुनौती पसंद रही है और मैनेजमेंट से बात करने के बाद, मैं टीम से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हो गया। मैं हेडिंग्ले में अपने समय के दौरान सकारात्मक योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।"