दलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy Final 2026) का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन (East Zone) और साउथ जोन ( South Zone) के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार (7 सितंबर) को ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसी दौरान युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) ने भी अपने बल्ले से दमदार पारी खेली।
21 साल के झारखंड में जन्मे दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने ईस्ट जोन की पहली पारी में 128 गेंदों में शतक जड़ा और 132 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टीम के कप्तान ईशान किशन के साथ पांचवें विकेट के लिए 290 गेंदों में 230 रन की शानदार साझेदारी भी निभाई।
हालांकि, कुशाग्र की बल्लेबाजी से ज्यादा चर्चा उनके शतक के बाद किए गए खास सेलिब्रेशन की हो रही है। जैसे ही उन्होंने अपना शतक पूरा किया, कुशाग्र ने अपने बल्ले को वायलिन की तरह पकड़ लिया और उसे बजाने की एक्टिंग करते हुए सेलिब्रेशन किया।