आईपीएल 2026 से पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाने में जुटी हुई हैं। हर बार की तरह इस बार भी राजस्थान रॉयल्स पर ज्यादातर फैंस की निगाहें होंगी क्योंकि इस टीम में वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं, जो टूर्नामेंट से पहले ही काफी सुर्खियों में हैं। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि सूर्यवंशी के लिए उनका दूसरा आईपीएल सीजन बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाला है।
इसी कड़ी में भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ लक्ष्मीपति बालाजी ने भी माना है कि सूर्यवंशी को अपने दूसरे आईपीएल सीज़न में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। सूर्यवंशी का पिछला आईपीएल सीज़न ज़बरदस्त रहा था। 14 साल के इस बल्लेबाज़ को नीलामी में 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और उन्होंने सात मैच खेले, जिसमें 206.55 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए। इसमें गुजरात टाइटंस के खिलाफ़ उनका पहला शतक भी शामिल था, जिसमें उन्होंने सिर्फ़ 38 गेंदों में 101 रन बनाए थे।
उस रिकॉर्ड-तोड़ पहले सीज़न के बाद से उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही लेकिन बालाजी का मानना है कि 2026 के आईपीएल में इस युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के लिए ये सीज़न बहुत चुनौतीपूर्ण होने वाला है। जियोस्टार पर बालाजी ने कहा, "हमने पिछले सीज़न में देखा है कि वैभव सूर्यवंशी में किस तरह की प्रतिभा है। उन्होंने GT के खिलाफ़, एक बहुत ही मज़बूत गेंदबाज़ी आक्रमण के सामने शतक बनाया था। ज़ाहिर है, किसी भी खिलाड़ी के लिए दूसरा साल हमेशा एक तरह की चुनौती होता है। यहीं पर कुमार संगकारा की मेंटरशिप काम आएगी। विरोधी टीमें निश्चित रूप से उनकी कुछ कमज़ोरियों पर काम करके आएंगी।"