LDN vs MIL, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड 2026 का 23वां मुकाबला बीते गुरुवार, 06 अगस्त को लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम लॉर्ड्स में खेला गया था जहां MI London ने 161 रन बनाकर London Spirit को 4 विकेट से धूल चटाई। इस मुकाबले के हीरो 40 वर्षीय अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा (Sikandar Raza) रहे जिन्होंने मैच के अहम मौके पर 200 की स्ट्राइक रेट से 16 गेंदों पर 32 रन ठोके और 10 गेंदों पर किफायती गेंदबाज़ी करके सिर्फ 15 रन खर्चे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
इस मुकाबले में MI London ने टॉस जीतकर London Spirit को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर 5 विकेट खोकर 160 रन बनाए। LDN के लिए सलामी बल्लेबाज़ लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने अर्धशतकीय पारी खेली और 28 गेंदों पर 5 चौके 3 छक्के लगाकर 52 रन ठोके। उनके अलावा डेविड विली ने 18 गेंदों पर 31 रन और जेम्स कोल्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 30 रनों की पारी खेली।
बात करें MIL के गेंदबाज़ों की तो नाथन सॉटर ने 20 गेंदों पर 29 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं ट्रेंट बोल्ट ने भी 20 गेंदों पर 35 रन देकर इतने ही विकेट लिए। रिचर्ड ग्लीसन ने 20 गेंदों पर 39 रन देकर 1 विकेट चटकाया।