दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। मॉरिस को गुरुवार को आईपीएल-2021 के लिए हुई नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा।
भारतीय ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम 9.25 करोड़ रुपये की बोली के साथ सबसे महंगे भारतीय रहे। गौतम को चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा। क्रिस मॉरिस के बाद काइल जैमिंसन (न्यूजीलैंड) दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। जेमिसन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 15 करोड़ रुपये में खरीदा। इसी तरह, ऑलराउंडर ग्लैन मैक्सवेल (आस्ट्रेलिया) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा।
मॉरिस से पहले, आईपीएल इतिहास के सबसे महंगी कीमत पर बिकने वाले खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था, जिन्हें 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था।