IPL 2026, Punjab Kings vs Lucknow Super Giants: मुल्लांपुर के PCA स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली की तूफानी पारियों की बदौलत 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में लखनऊ की टीम 200 रन तक ही पहुंच सकी।
आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रन की विशाल साझेदारी कर लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
प्रियांश आर्य ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 93 रन ठोक दिए, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। वहीं कूपर कोनोली ने भी शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 87 रन बनाए। इन दोनों की शानदार पारियों ने टीम को 254 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।