आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान के स्पिनर शकील अहमद ने खतरनाक गेंद पर हैरी टेक्टर को क्लीन बोल्ड कर बड़ी सफलता दिलाई। विकेट के बाद उनका क्रिस्टियानो रोनाल्डो स्टाइल सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 22वें मुकाबले में आयरलैंड और ओमान आमने-सामने थी। शनिवार (14 फरवरी) को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ओमान के लेफ्ट आर्म स्पिनर शकील अहमद ने अपनी फिरकी से आयरिश बल्लेबाजों को पूरी तरह उलझा दिया।
आयरलैंड की पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर शकील ने एक शानदार डिलीवरी फेंकी, जो सीधे जाकर हैरी टेक्टर के ऑफ स्टंप से टकरा गई। टेक्टर गेंद को समझ ही नहीं पाए और क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। विकेट लेने के बाद शकील ने फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के मशहूर ‘CR7’ सेलिब्रेशन को दोहराया, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस झूम उठे और यह पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।