भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान का समर्थन करते हुए अपने पुराने दोस्त के साथ मानवीय व्यवहार और उन्हें जरूरी सुविधाएं देने की मांग की है। यह मांग तब की गई,है जब 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर जेल में बंद पूर्व नेता के लिए बेहतर हालात की अपील की है।
कपिल ने कहा कि वे समझते हैं कि पाकिस्तानी खिलाड़ी इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बोलने से क्यों हिचकिचा सकते हैं, लेकिन मुल्क के बाहर रहने वाले खिलाड़ी अपनी चिंता जाहिर कर सकते हैं।
कपिल ने 'रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप' के लॉन्च के मौके पर पत्रकारों से कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैं उन्हें दोष दे सकता हूं, क्योंकि पाकिस्तानी क्रिकेटर्स को पाकिस्तान में ही रहना है, लेकिन हम बाहर से देख रहे हैं। हां, मैं अपने उस दोस्त का समर्थन करना चाहता हूं, जिसके साथ हमने खेला और जिसकी क्रिकेटिंग स्किल्स की हमने तारीफ की। हम बार-बार कहते हैं कि हमें देश के कानून के बारे में जानकारी नहीं है; यह ठीक है, लेकिन इंसानियत और किसी कैदी को—चाहे वह कोई भी हो—सुविधाएं देना जरूरी है। वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटर रहे हैं, इसलिए हम चाहते हैं कि उनके साथ सबसे अच्छा व्यवहार हो। हम और क्या मांग रहे हैं? हम और कुछ नहीं मांग रहे हैं।"