नई दिल्ली, 17 अगस्त | भारत के सीमित ओवरों के उपकप्तान रोहित शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दी है। विश्व कप विजेता कप्तान धोनी ने स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर शनिवार को अपने 15 साल के अंतर्राष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया।
धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, " अब तक आपके प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। शाम 07:29 मिनट से मुझे रिटायर्ड समझिए।"
रोहित ने आईपीएल की जर्सी में धोनी के साथ ट्विटर पर एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने कहा, " भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली इंसानों में से एक। क्रिकेट और उसके आसपास उनका प्रभाव बहुत बड़ा था। उनके पास एक विजन था और वह जानते थे कि टीम कैसे बनाई जाती है। हम बेशक उन्हें नीली जर्सी में मिस करेंगे, लेकिन पीली में वे दिखेंगे ही। तो 19 को टॉस पर मिलते हैं-धोनी।"