टीम इंडिया के युवा स्पिनर मानव सुथार (Manav Suthar) इन दिनों इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी से खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। इंग्लैंड और वेल्स के घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट काउंटी चैंपियनशिप (County Championship 2026) में वार्विकशायर (Warwickshire) के लिए खेल रहे सुथार ने एक बार फिर गेंद से कमाल कर दिया।
भारत के 24 साल के युवा बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार का इंग्लैंड में गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन जारी है। काउंटी चैंपियनशिप 2026 में वार्विकशायर के लिए खेल रहे सुथार ने एक बार फिर अपनी फिरकी का जलवा दिखाया और टीम को एसेक्स (Essex) के खिलाफ शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
डिविजन वन के इस मुकाबले में वार्विकशायर ने एसेक्स को 8 विकेट से हराया। मैच की दूसरी पारी में एसेक्स की बल्लेबाजी को समेटने की जिम्मेदारी मानव सुथार ने अपने कंधों पर ली और उन्होंने 24 ओवर में 75 रन देकर 5 विकेट चटका दिए। सुथार की शानदार गेंदबाजी के चलते एसेक्स की दूसरी पारी महज 189 रन पर सिमट गई।