श्रीलंका को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच में ही 440 वोल्ट का झटका लग चुका है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चोटिल हुए स्टार स्पीडस्टर मथीशा पथिराना टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। सोमवार को पल्लेकेले में ऑस्ट्रेलिया पर श्रीलंका की ज़बरदस्त जीत के दौरान “बेबी मलिंगा” की बाएं पिंडली में खिंचाव आ गया था जिसके बाद वो अपना पहला ओवर भी पूरा नहीं कर पाए थे और मैदान से बाहर चले गए थे।
पथिराना को अपने शुरुआती ओवर की सिर्फ़ चार बॉल फेंकने के बाद लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा था। कोलंबो में हुए बाद के स्कैन से पता चला कि उन्हें ठीक होने में लगभग चार हफ़्ते लगेंगे, जिससे उनका वर्ल्ड कप का सफ़र लगभग खत्म हो गया। उनकी जगह आईसीसी इवेंट टेक्निकल कमेटी ने बाएं हाथ के पेसर दिलशान मदुशंका को शामिल करने की मंज़ूरी दे दी है।
मदुशंका, जो नई बॉल को स्विंग करने की अपनी काबिलियत के लिए जाने जाते हैं, टीम में शामिल हो गए हैं। श्रीलंका को अपना आखिरी ग्रुप मैच ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ खेलना है और ऐसे में मदुशंका को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा सकता है। कप्तान वानिंदु हसरंगा और तेज़ गेंदबाज़ ईशान मलिंगा के चोटिल होने के बाद पथिराना का बाहर होना लंकाई टीम के लिए एक बड़ा झटका है।