SA vs AUS ODI: साउथ अफ्रीका के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके (Matthew Breetzke) ने गुरुवार (24 सितंबर) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में शानदार शतक जड़कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। लेकिन मैच के बाद उन्होंने मैदान के बाहर जो किया, उसकी भी खूब चर्चा हो रही है। ब्रीट्जके अपने एक छक्के की चपेट में आई युवा फैन से मिलने पहुंचे और अपने खास अंदाज से उसका दिल जीत लिया।
दरअसल, डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में ब्रीट्जके ने 106 गेंदों में 112 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 14 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसी दौरान उनकी एक जोरदार हिट स्टैंड में पहुंची, जहां एक युवा दर्शक इसकी चपेट में आ गई।
यह घटना साउथ अफ्रीका की पारी के 19वें ओवर में हुई। ब्रीट्जके का लगाया गया लंबा छक्का स्टैंड की तरफ गया और गेंद को पकड़ने की कोशिश कर रहे एक अन्य दर्शक की वजह से गेंद एक छोटी बच्ची को जा लगी। उस समय ब्रीट्जके को स्टैंड में हुई इस घटना की जानकारी नहीं थी।