इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रविवार, 29 मार्च यानि कल वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा। ये दोनों टीमों का पहला मैच होगा और दोनों ही टीमें जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी। हालांकि, फैंस के मन में इस मैच से पहले मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि इस मैच के लिए मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
क्रिकेट फैंस के लिए खुशी की बात ये है कि इस मैच में बारिश की कोई चिंता नहीं है। 29 मार्च को मुंबई का मौसम गर्म, उमस भरा और साफ़ रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान की मानें तो मैच के दौरान बारिश की संभावना सिर्फ 3 प्रतिशत बताई गई है जिसका मतलब ये है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अगर इन दोनों टीमों की राइवलरी की बात करें तो पिछले सीजन जब इन दोनों टीमों की टक्कर हुई थी तब मुंबई इंडियंस की टीम ने महज़ 12.5 ओवर में 117 रनों का लक्ष्य हासिल करके कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से धूल चटाई थी। याद दिला दें कि ये मुकाबला भी मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में ही खेला गया था जहां MI के युवा तेज गेंदबाज़ अश्विनी कुमार ने 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके थे। वहीं, रयान रिकेल्टन ने 41 गेंदों पर नाबाद 62 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी।