इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले न्यूज़ीलैंड के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। कीवी टीम ने अपनी टेस्ट टीम में मिचेल सैंटनर को शामिल कर लिया है। सैंटनर IPL में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते समय लगी कंधे की चोट से उबर चुके हैं और वो शनिवार को इंग्लैंड भी पहुंच गए। अब वो गुरुवार से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
34 साल के सैंटनर को पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ के पहले टेस्ट और बेलफ़ास्ट में आयरलैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट से बाहर कर दिया गया था। स्कैन में पता चला था कि उन्हें कंधे की चोट लगी है, जिसके लिए उन्हें एक महीने के रिहैब की ज़रूरत होगी। न्यूज़ीलैंड ने कहा था कि सैंटनर की चोट पर नज़र रखी जाएगी, ताकि उन्हें ओवल और ट्रेंट ब्रिज में होने वाले दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया जा सके।
हालांकि, अब सैंटनर टीम के साथ जुड़ गए हैं तो शायद वो पहले टेस्ट में ही खेलते हुए नजर आ जाएं या फिर टीम मैनेजमेंट उनके साथ कोई रिस्क ना लेकर उन्हें दूसरे टेस्ट में उतारने के बारे में सोच सकता है। सैंटरन स्पिनिंग ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट की जगह लेंगे। फॉक्सक्रॉफ्ट ने आयरलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 98 रन बनाए थे, लेकिन अब वो जल्दी घर लौट रहे हैं।