इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का आखिरी लीग स्टेज मुकाबला बीते रविवार, 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था जहां दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने 203 रन डिफेंड करके कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को 40 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले के खत्म होने के बाद DC के दिग्गज तेज गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने KKR के युवा फास्ट बॉलर मथीशा पथिराना (Matheesha Pathirana) को एक खास गिफ्ट दिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, खुद KKR ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस के साथ इस दिल छूने वाली घटना का वीडियो साझा किया है। ये 26 सेकंड का वीडियो है जिसमें देखा जा सकता है कि KKR Vs DC मुकाबले के बाद मिचेल स्टार्क 'बेबी मलिंगा' मथीशा पथिराना से मिलते हैं और उन्हें अपनी साइन दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी गिफ्ट करते हैं।
मिचेल स्टार्क ने मथीशा पथिराना के लिए एक अपनी टी-शर्ट पर एक प्यारा मैसेज भी लिखा। उन्होंने अपने मैसेज के जरिए मथीशा को ढेर सारी शुभकामनाएं दी और ये भी साफ किया कि वो उनके करियर को फॉलो करने और उन्हें तेज़ गेंदबाजी करते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं। आप नीचे पूरा वीडियो देख सकते हो।