राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में मिचेल स्टार्क और यशस्वी जायसवाल के बीच दिलचस्प टक्कर देखने को मिली। जायसवाल ने स्टार्क का स्वागत छक्के से किया, लेकिन इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने तुरंत जवाब देते हुए उसी ओवर में विकेट झटक लिया।
सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार (1 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के ओपनर यशस्वी जायसवाल और दिल्ली कैपिटल्स के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के बीच एक शानदार भिड़ंत देखने को मिली।
स्टार्क इस मैच में चोट के बाद लंबे समय बाद मैदान पर वापसी कर रहे थे और इस सीजन अपना पहला मुकाबला खेल रहे थे। ऐसे सभी की नजरें उन पर टिकी थीं। पारी की शुरुआत में ही जायसवाल ने बिना समय गंवाए आक्रामक अंदाज़ दिखाया। स्टार्क की पहली ही गेंद पर उन्होंने जोरदार शॉट खेलते हुए स्क्वायर लेग के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया।