भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस जीत के साथ ही ये सवाल भी शुरू होने लगे हैं कि अब सूर्यकुमार यादव के बाद टी-20 टीम का अगला कप्तान कौन होगा?
सूर्यकुमार यादव इस समय 35 साल के हैं और फिलहाल उनका तो रिटायरमेंट लेने का कोई इरादा नहीं है लेकिन क्या सेलेक्टर्स अभी भी सूर्या के साथ जाना चाहते हैं, ये एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है लेकिन इस सबके बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अगले टी-20 कप्तान के लिए अपनी पसंद बता दी है। कैफ का मानना है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे संजू सैमसन अगले टी-20 कप्तान हो सकते हैं।
पत्रकार रविश बिष्ट के साथ बात करते हुए कैफ ने कहा, "अभी तो बोलना मुश्किल है लेकिन संजू सैमसन भी कप्तान बन सकते हैं क्यों नहीं। मुझे लगता है कि कप्तान वही अच्छा होता है जिसने दुनिया देखी हुई होती है। संजू ने ये भी देखा हुआ है कि बुरे दौर में अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती जैसे प्लेयर्स को कैसे बैक करना है, उन्होंने खुद भी ये दौर देखा हुआ है ऐसे में वो भी ऑप्शन हैं लेकिन सबसे पहले तो सूर्यकुमार यादव खुद को बैक करेंगे क्योंक अगर वो फिट रहते हैं तो वो अगला टी-20 वर्ल्ड कप भी खेल सकते हैं।"
Sanju Samson @IamSanjuSamson can lead India in Next T20 World Cup @MohammadKaif #worldcup pic.twitter.com/f37131rUQR
— Ravish Bisht (@ravishbofficial) March 10, 2026