ऑस्ट्रेलिया के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी मोइसेस हेनरिक्स (Moises Henriques) ने फिनलैंड में हो रहे आईसीसी पुरुष T20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफ़ायर C इवेंट में पुर्तगाल के लिए शानदार शतक जड़कर धमाल मचा दिया। चेक रिपब्लिक के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले में हेनरिक्स ने 51 गेंदों में 218 की स्ट्राईक रेट से 111 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के जड़े।
हेनरिक्स की इस तूफानी पारी की बदौलत पुर्तगाल की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में चेक रिपब्लिक का स्कोर 8.5 ओवर के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 24 रन था। इसके बाद बारिश के काऱण आगे का मुकाबला नहीं हो सका और पुर्तगाल ने डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार 91 रन से मुकाबला जीता।
हेनरिकेस टूर्नामेंट की शुरुआत में ही अपनी अहमियत साबित कर चुके थे। इजराइल के खिलाफ़ पुर्तगाल की पहली जीत में, उन्होंने 39 गेंदों पर नाबाद 66 रन बनाए और उनकी नई टीम 94 रनों से जीती। इसके बाद पुर्तगाल ने जर्मनी को चार विकेट से हराया, हालांकि उस मैच में हेनरिकेस सिर्फ़ एक रन ही बना पाए।