एमएस धोनी सीएसके के लिए आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेले थे। उन्होंने लीग से संन्यास का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में सीएसके के लिए आईपीएल 2027 में धोनी की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं और कई तरह की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। भारतीय क्रिकेट टीम और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व बल्लेबाज एस. बद्रीनाथ ने कहा है कि एमएस धोनी खुद को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर नहीं देखते हैं।
एस. बद्रीनाथ ने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान ने खुद इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन से पहले अपनी भूमिका को लेकर सवालों के बावजूद फुल-टाइम विकेटकीपर के तौर पर बने रहने की अपनी पसंद बताई थी।
पूर्व क्रिकेटर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "धोनी ने मुझे निजी तौर पर बताया है कि वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलेंगे। वह खुद को एक फुल-टाइम कीपर के तौर पर देखते हैं। इसका मतलब है कि उन्हें पूरे 20 ओवर मैदान पर रहना होगा। इसलिए वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलेंगे। हालांकि, मुझे लगता है कि अगर वह ऐसा करते हैं, तो इसका सीएसके को रणनीतिक फायदा होगा।"